उत्तर प्रदेश
11 अगस्त 2020
नंदगांव में आज जन्मेंगे कन्हाई, राधा का गांव गाएगा बधाई, चहुंओर छाया उल्लास
मथरा। जन्माष्टमी को लेकर कान्हा के नंदगांव में चहुंओर उमंग और उल्लास है। घर-घर मिठाइयां बन रहीं हैं। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। ब्रज के लाला का आज नंदगांव की धरा पर जन्म होगा। अपने सखा के जन्मदिन को लेकर नंदगांव के गोप उत्साहित हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। जन्म से पूर्व राधारानी के गांव बरसाना के ब्राह्मण समुदाय के कुछ लोग नंदबाबा को बधाई देने नंदगांव पहुंचेंगे।

नंदबाबा मंदिर के सेवायत ताराचंद गोस्वामी ने बताया कि परंपराओं के निर्वहन के लिए कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए नंदभवन में संयुक्त समाज गायन का आयोजन किया जाएगा। रात को ढांड ढांडिन लीला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नंदबाबा के पुरोहित द्वारा श्री नंदबाबा की वंशावली का बखान किया जाएगा। मध्य रात को कन्हैया का अवतरण होगा। सेवायत लोकेश गोस्वामी ने बताया कि कोविड-19 के चलते इस बार स्थानीय एवं बाहरी श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा।
बरसाना में भी मनेगा जन्मोत्सव

भगवान श्रीकृष्ण की आराध्य शक्ति राधारानी का गांव बरसाना भी आनंद कंद श्रीकृष्ण चंद्र के जन्मोत्सव की तैयारियों में डूबा हुआ है। श्रीजी मंदिर के सेवायत संजय गोस्वामी के अनुसार यहां रात बारह बजे भगवान श्याम सुंदर का पंचामृत अभिषेक कर आकर्षक शृंगार किया जाएगा। घर-घर में पकवान बनाए जाएंगे।
मनाया जाता है भव्य नंदोत्सव
जन्मोत्सव के बाद नंदगांव में नंदोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। बताते हैं कि कृष्ण के जन्म के अगले दिन बरसाना से राधारानी के माता पिता वृषभानु और कीरत रानी सखियों के साथ नंद बाबा को बधाई देने आए थे। बरसाना के गोसाई समाज द्वारा उसी परंपरा का निर्वहन बड़े धूमधाम से किया जाता है। कान्हा को हंसाने के लिए पांच वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्ग कुश्ती लड़कर परंपरा निभाते हैं। दही और हल्दी मिलाकर श्रद्धालुओं पर छिड़की जाती है। इसे लाला की छीछी भी कहते हैं। सेवायत शिवहरी गोस्वामी ने बताया कि इस बार सभी परंपराओं का प्रतीकात्मक रूप से निर्वहन किया जाएगा।
जुड़े रहिये हमारे साथ ऐसी ही ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए
अन्य ख़बरों की जानकारी के लिए हमें फेसबुक पर ज्वाइन करें और ट्विटर पर फॉलो करें
कमेंट में बताएं और न्यूज शेयर करें
