शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में आग लगने से यात्रियों में मची अफरातफरी

शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में आग लगने से यात्रियों में मची अफरातफरी

Spread the love

उत्तर प्रदेश
24 अक्टूबर 2026
शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में आग लगने से यात्रियों में मची अफरातफरी
मुरादाबाद। शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार रात आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना नगीना रेलवे स्टेशन के पास रात 11.15 बजे हुई। कोच में धुआं भरने पर करीब 80 यात्री नीचे उतर गए। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सामान्य किया। इसके बाद रात 11.50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया।

प्रारंभिक तौर पर कोच में चार्जिंग सॉकेट के पास शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई। आग लगने और धुआं फैलने से यात्रियों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के लिहाज से कोच में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। सूचना पर रेलवे पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

कोच में धुआं भरा होने के कारण यात्रियों को बाहर ही रखा गया। इस दौरान आग बुझाने के साथ बिजली के तारों की जांच की गई। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे तक काम कर बिजली के सभी तार दुरुस्त किए और कोच को सामान्य किया। इसके बाद यात्रियों को दोबारा कोच में बैठाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

घटना के कारण रेल लाइन करीब आधे घंटे तक बाधित रही। इससे ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। नगीना जीआरपी प्रभारी राहुल यादव ने बताया कि राहत की बात रही कि आग लगने के बाद सभी यात्री सुरक्षित कोच से नीचे उतर गए। हालांकि, कुछ यात्रियों के बैग जलने से सामान का नुकसान हुआ। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *